सीसीटीवी में कैद हुए दोनों हमलावर, पुलिस ने शुरू की तलाश
रुड़की। शहर में दिनदहाड़े दो बाइक सवार युवकों ने एक व्यापारी को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए, जबकि मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मामले में पुरानी रंजिश को कारण माना जा रहा है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर मोहल्ले में निखिल शर्मा पुत्र नितिन शर्मा की सेनेट्री की दुकान है। बुधवार दोपहर करीब दो बजे, निखिल दुकान पर बैठे थे, तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से निखिल घायल हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही दोनों आरोपी भाग निकले।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में दोनों हमलावर कैद हो गए हैं। आरोपियों की पहचान अक्षित उर्फ शिकारी निवासी मुंडलाना (कोतवाली मंगलौर) और देव गुर्जर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने पुरानी रंजिश के चलते यह हमला किया।
निखिल शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

