राजपुरा में पुलिस और हत्यारोपी के बीच मुठभेड़, गोली लगने के बाद आरोपी गिरफ्तार

पटियाला/राजपुरा: पंजाब के पटियाला जिले के राजपुरा इलाके में मंगलवार को पुलिस और एक वांछित हत्यारोपी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ टोंटा पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया। उसे राजपुरा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, गुरप्रीत टोंटा 20 जुलाई को एसवाईएल नहर के पास अपने दोस्त तरसेम सिंह की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी है। इस हत्या की जांच के दौरान तीन अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन टोंटा फरार था और पुलिस को उसकी तलाश थी।

मुठभेड़ कैसे हुई?
एसएसपी वरुण शर्मा ने जानकारी दी कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी गांव चांसली के पास लिंक रोड पर मौजूद है। जब पुलिस टीम वहां पहुंची, तो टोंटा ने खुद को घिरा देख कर फायरिंग शुरू कर दी और चार राउंड गोलियां चलाईं। पुलिस ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी की जांघ में गोली लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल आरोपी की हालत स्थिर है।

आपराधिक पृष्ठभूमि
एसएसपी शर्मा ने बताया कि गुरप्रीत टोंटा एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ बनूड़, राजपुरा और फतेहगढ़ साहिब में कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। पूछताछ में उसके माध्यम से हत्या से जुड़ी कई और परतें खुलने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top