द्वाराहाट फायरिंग कांड का 36 घंटे में खुलासा, चुनावी रंजिश में तीन गिरफ्तार

अल्मोड़ा। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव के दिन मतदान के बाद द्वाराहाट में हुई फायरिंग की गुत्थी को पुलिस ने 36 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर जानलेवा हमला करने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला चुनावी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने शनिवार को पुलिस कार्यालय में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी कि 15 अगस्त को मतदान समाप्त होने के बाद द्वाराहाट में फायरिंग की घटना हुई थी। इस संबंध में कैलाश भट्ट ने तहरीर दी थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि दीपक किरौला, सोनू धमेला और गौरव नेगी समेत अन्य ने चुनावी रंजिश के चलते उनके होटल में पहुंचकर रिवॉल्वर से गोली चलाते हुए हत्या का प्रयास किया।

पीड़ित के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत पर द्वाराहाट थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया और एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि पूरे षड्यंत्र का खुलासा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top