नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित मशहूर रैपर और गायक बादशाह के नाइट क्लब के बाहर हुए बम धमाकों के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के फरीदकोट निवासी दीपक के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दीपक को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बरार के लगातार संपर्क में था। गौरतलब है कि गोल्डी बरार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। गोल्डी बरार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है।
बता दें कि 26 नवंबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित सेविले बार एंड लाउंज और डिओरा क्लब के बाहर बम धमाके हुए थे। सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों को क्लबों के बाहर बम फेंककर भागते हुए देखा गया था। धमाकों से क्लबों के शीशे टूट गए थे, हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी।


