वाराणसी। वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में एक स्क्रैप कारोबारी से फर्जी दस्तावेज और झूठे एग्रीमेंट के जरिए 1.44 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और साजिश रचने के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ठगी की साजिश: फर्जी साइट और जाली एग्रीमेंट
शांतिनगर कॉलोनी, भरलाई निवासी मृदुल चौधरी ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि प्रतापगढ़ निवासी मोहम्मद शमीम, पंकज पांडेय, जितेंद्र सिंह उर्फ डिंपल, महफूज रहमान, और सुल्तानपुर निवासी मुजीबुर रहमान उर्फ जावेद ने 21 दिसंबर 2024 को सुनियोजित तरीके से एक मुलाकात कराई।
यह मुलाकात अरमान स्क्रैप ट्रेडर्स के प्रोप्राइटर जावेद से सुनील कुमार सिंह के मकान (शांतिनगर, भरलाई) पर कराई गई थी। आरोपियों ने खुद को स्क्रैप कारोबार से जुड़ा बताया और फर्जी कंपनियों की वेबसाइट दिखाकर विश्वास दिलाया। बाद में एक जाली एग्रीमेंट तैयार करवाकर धोखे से मृदुल की मां रेखा चौधरी के खाते से सात किश्तों में कुल ₹1,44,96,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
धमकी देकर चुप कराने की कोशिश
पीड़ित के अनुसार, जब रुपये वापस मांगे गए तो आरोपियों ने फर्जी मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। लगातार धमकियों से परेशान होकर मृदुल चौधरी ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू
शिवपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

