वंशिका
जब से मोबाइल और इंटरनेट हर हाथ में पहुँचा है, तब से ऑनलाइन पैसे कमाने के नए-नए रास्ते खुल गए हैं। आज हर कोई सोशल मीडिया पर सक्रिय है — कोई वीडियो बना रहा है, कोई रील्स डाल रहा है, कोई व्लॉग कर रहा है, तो कोई इंस्टाग्राम पर मोटिवेशनल बातें शेयर कर रहा है।
कंटेंट क्रिएशन एक ऐसा माध्यम बन चुका है, जो हर इंसान को — चाहे वो किसी भी क्षेत्र से हो — अपनी बात कहने और पैसे कमाने का मौका देता है। आज 15–30 सेकेंड के एक मज़ेदार या दिल को छू लेने वाले वीडियो से लोग लाखों व्यूज़ ले रहे हैं और अपनी पहचान बना रहे हैं।
बहुत से लोग अब अपने रेगुलर काम के साथ-साथ कंटेंट बनाना शुरू कर चुके हैं, और कई लोग तो इस पर पूरी तरह निर्भर हो गए हैं। इसने हमें रचनात्मक (क्रिएटिव) बनाया है, यह बात पूरी तरह सही है। लोग अब वीडियो एडिट करना सीख रहे हैं, कैमरे के सामने आत्मविश्वास से बोलना सीख रहे हैं, और अपने स्किल्स को निखार रहे हैं।
लेकिन सवाल ये उठता है — क्या हम इस डिजिटल दुनिया के इतने आदी हो चुके हैं कि अब ये हमें कंट्रोल करने लगी है?
हर दिन हज़ारों लोग नए कंटेंट क्रिएटर्स बन रहे हैं। ऐसे में अपनी एक अलग पहचान बनाए रखना आसान नहीं है। हर कोई कुछ “नया” या “हटके” करने की कोशिश करता है — और इसी दौड़ में कई बार कंटेंट का असली मक़सद खो जाता है।
जो कंटेंट कभी आत्म-अभिव्यक्ति का माध्यम था, वो अब सिर्फ लाइक्स, व्यूज़ और फॉलोअर्स के लिए बनाया जाने लगा है। हम खुद से ये सवाल पूछना ही भूल गए हैं कि —
“क्या मैं जो बना रहा हूं, वो सच में मेरे दिल से है, या सिर्फ एल्गोरिदम को खुश करने के लिए?”
कंटेंट क्रिएशन हमें आज़ादी देता है — ये सच है। लेकिन अगर हर दिन हम अपने फ़ोन की स्क्रीन पर वेलिडेशन (मान्यता) ढूंढ रहे हैं, तो शायद हम धीरे-धीरे उसी कंटेंट के गुलाम बनते जा रहे हैं।
ज़रूरत है एक संतुलन (बैलेंस) बनाने की — क्योंकि ये दुनिया जितनी ज़्यादा मौक़े देती है, उतनी ही तेज़ी से खपत (consume) भी करती है।
असली सवाल यही है —
क्या हम कंटेंट बना रहे हैं, या कंटेंट हमें बना रहा है?


