कोंडागांव (छत्तीसगढ़): जिले के कोंडागांव थाना क्षेत्र में जमीन के झगड़े ने रंजिश का ऐसा रूप ले लिया कि एक व्यक्ति ने अपने ही चचेरे भाई को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। लेकिन पुलिस की सतर्कता से साजिश नाकाम हो गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने 20 अगस्त 2025 को चोरी के संदेह में पकड़े गए मो. मजहर अली खान से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान जब उसके मोबाइल फोन की डिजिटल जांच की गई, तो पुलिस को एक बड़ी साजिश का सुराग मिला। मोबाइल में राजकुमार बघेल नामक व्यक्ति के साथ चैटिंग में हत्या की योजना का उल्लेख था।
जांच में सामने आया कि राजकुमार बघेल और उसका चचेरा भाई कंवल सिंह बघेल (जो पेशे से वकील हैं) के बीच 2021 से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जो अब अदालत में विचाराधीन है। इसी विवाद से परेशान होकर राजकुमार ने अपने भाई को रास्ते से हटाने का मन बना लिया।
पुलिस के मुताबिक, राजकुमार ने मजहर अली को 60 हजार रुपये की सुपारी देकर कंवल सिंह की हत्या करवाने की योजना बनाई थी। दोनों आरोपी साजिश को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस की समय रहते कार्रवाई ने एक बड़ी वारदात को टाल दिया।
कोंडागांव थाने में प्रार्थी कंवल सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2), 55 बीएनएस के तहत केस दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस का कहना है कि यह एक सुनियोजित अपराध था, जिसकी परतें धीरे-धीरे खुल रही हैं। मामले में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।

