ग्रेटर नोएडा वेस्ट। एक परिवार के साथ कैब चालक की लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसमें चालक ने पुलिस के रोकने पर गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
पीड़ित संजय मोहन ने प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि वह अपने परिवार के साथ घूमने निकले थे। पर्थला गोल चक्कर के पास पुलिस ने कैब को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक रुकने के बजाय तेज रफ्तार में कार भगाने लगा।
वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि परिवार चालक से गाड़ी रोकने की मिन्नत कर रहा है—“भैया, एक सेकंड रोक दो… बच्चा है मेरे साथ… पीछे पुलिस है… मैं बात कर लूंगा।” लेकिन चालक ने उनकी एक न सुनी और गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। इस दौरान कार में मौजूद छोटी बच्ची डर के मारे रोने लगी।
पीड़ित का कहना है कि चालक के आक्रामक व्यवहार और तेज रफ्तार से उनकी जान को खतरा हो गया। परिवार ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
नोएडा पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


