लखीसराय में पुस्तक विक्रेता की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत का माहौल

मुंगेर/बिहार- लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने किताबों की दुकान चलाने वाले व्यापारी शत्रुघ्न साव की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात गैस गोदाम के पास उस समय हुई, जब वह दुकान बंद कर अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।

मृतक की पहचान लोहरा निवासी स्वर्गीय विरन साव के पुत्र, 48 वर्षीय शत्रुघ्न साव के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही वे बड़हिया बाजार से निकले, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें पीछे से गोली मार दी। गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वह बाइक से गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर दौड़े और गंभीर अवस्था में उन्हें बड़हिया के रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शव को सदर अस्पताल लखीसराय ले जाया गया, लेकिन वहां परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया का विरोध करते हुए शव को अस्पताल से वापस बड़हिया ले गए, जिससे अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अपराधियों की पहचान के लिए टीमों को लगाया गया है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शत्रुघ्न साव सामाजिक और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे, जिनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। इस निर्मम हत्या से क्षेत्र में भय और गुस्से का माहौल है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अपराधियों को जल्द पकड़कर सख्त सजा दी जाए, ताकि लोगों का कानून पर भरोसा कायम रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top