बरेली में रिश्तों का खून: 10 साल के मासूम की गला रेतकर हत्या, फुफेरे भाई ने मांगी थी 10 लाख की फिरौती

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक दर्दनाक वारदात ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव टिटौली निवासी 10 वर्षीय आहिल का अपहरण कर उसके ही फुफेरे भाई ने फिरौती मांगी और पकड़े जाने के डर से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया है।

रात में हुई गुमशुदगी, फिरौती का मैसेज आया

रविवार शाम से लापता आहिल की गुमशुदगी की सूचना उसके पिता सखावत ने रात करीब 10:30 बजे थाने में दी। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से 10 लाख रुपये की फिरौती का मैसेज आया, जिससे पुलिस हरकत में आ गई।

सीसीटीवी फुटेज ने खोली परतें

जांच में जुटी पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसमें आहिल अपने फुफेरे भाई वसीम (28) के साथ बाइक पर जाते हुए नजर आया। पुलिस ने वसीम को हिरासत में लिया तो उसने जुर्म कबूल कर लिया।

ब्लेड से की हत्या, शव झाड़ियों में छिपाया

वसीम ने बताया कि फिरौती न मिलने और पुलिस को सूचना मिलने की आशंका के चलते उसने आहिल को शाही थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव के जंगल में ले जाकर ब्लेड से गला रेत दिया और शव को झाड़ियों में छिपा दिया।

मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी

सोमवार तड़के पुलिस जब वसीम को हत्या में प्रयुक्त बाइक और हथियार की बरामदगी के लिए घटनास्थल पर ले गई, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वसीम के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top