खून के रिश्ते हुए शर्मसार, बेटे ने ही ले ली पिता की जान

गुस्से और लालच ने बनाया बेटे को हत्यारा, पिता की हत्या कर लूटे 1.48 लाख रुपये

उत्तर प्रदेश- श्रावस्ती जिले के गिलौला क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक बेटे ने संपत्ति और पैसों की लालच में अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम ने बताया कि 18 जुलाई की रात मीरामऊ गांव के रहने वाले चिनकू साहू की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। घर से करीब 1.48 लाख रुपये भी गायब मिले थे। मृतक के एक और बेटे होलीराम साहू ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

जांच के लिए एसपी घनश्याम चौरसिया ने गिलौला पुलिस और एसओजी टीम को लगाया। पूछताछ के दौरान चिनकू के बेटे सोमेंद्र और एक किशोर ने जुर्म कबूल किया। दोनों ने बताया कि पैसों को लेकर झगड़े और इलाज के लिए पैसे न देने की वजह से उन्होंने हत्या की साजिश रची।

पुलिस ने उनके पास से हत्या में इस्तेमाल लाठी, लकड़ी की फंटी और चोरी किए गए पूरे 1.48 लाख रुपये भी बरामद कर लिए हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top