गुरुग्राम – बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया को निशाना बनाने की साजिश रच रहे अपराधियों के खिलाफ हरियाणा एसटीएफ और गुरुग्राम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई संयुक्त कार्रवाई में पांच शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चार को मुठभेड़ के दौरान गोली लगी है, जबकि पांचवां भी मौके से दबोच लिया गया।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अपराधी हाल ही में हुए फाइनेंसर रोहित शौकीन हत्याकांड से जुड़े हुए हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस हत्याकांड के पीछे विदेश में सक्रिय गैंगस्टर दीपक नांदल और रोहित सिरधानिया का हाथ है। वे अब सिंगर राहुल फाजिलपुरिया को भी निशाना बनाने की योजना बना रहे थे।
एसटीएफ और गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की करीब आधा दर्जन यूनिट्स ने संयुक्त रूप से पटौदी रोड स्थित वजीरपुर इलाके में एक ऑपरेशन चलाया। पुलिस को जैसे ही सूचना मिली कि संदिग्ध अपराधी एक बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार में क्षेत्र में आ सकते हैं, टीम ने वहां ट्रैप बिछाया।
कार को रोकने के प्रयास में बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में चार बदमाशों को पैरों में गोली लगी, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पांचवें आरोपी को भी मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार शूटरों की पहचान:
-
विनोद पहलवान (झज्जर)
-
पदम उर्फ राजा (सोनीपत)
-
शुभम उर्फ काला
-
गौतम उर्फ गोगी
-
आशीष उर्फ आशु
इन सभी का संबंध रोहित सिरधानिया और दीपक नांदल गिरोह से बताया जा रहा है। डीएसपी प्रीतपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। घायल आरोपियों की हालत फिलहाल स्थिर है।


