मेरठ- सदर बाजार थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी व्यापारी से लाखों रुपये का सोना लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित सराफा कारोबारी नितिन जैन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया है कि आरोपी एक दुकानदार ने उनसे आभूषण बनाने के नाम पर 210.52 ग्राम सोना लिया और फिर वापस नहीं लौटा।
नितिन जैन की सराफा बाजार में “जोधामल नरेश चंद्र जैन” नाम से दुकान है। उनके अनुसार, 2 अगस्त को एक परिचित कारीगर उनके पास आया और कुछ ज्वेलरी ऑर्डर पर तैयार करने के लिए सोना मांगा। भरोसे में आकर नितिन जैन ने उसे 24 कैरेट का कुल 210.52 ग्राम सोना, जिसकी बाजार कीमत लगभग 21.68 लाख रुपये है, दे दिया।
कारीगर ने वादा किया था कि 12 दिनों में जेवर तैयार कर वापस कर देगा, लेकिन तय समय के बाद जब नितिन ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल नंबर बंद मिला। व्यापारी ने लगातार चार दिन तक प्रयास किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
थक-हारकर उन्होंने सदर बाजार थाने में मामला दर्ज कराया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और एक विशेष टीम को आरोपी की तलाश में लगाया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


