देहरादून। राजधानी में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। थाना रायपुर पुलिस ने मत्स्य निदेशालय परिसर से बिजली के तार चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए बिजली के तार भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को शिल्पा त्यागी ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि मत्स्य निदेशालय परिसर से अज्ञात व्यक्ति बिजली के तार चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर चोर की तलाश शुरू की। पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर 28 अक्टूबर को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज गेट नंबर-2 से श्मशान घाट की ओर जाने वाले रास्ते से आरोपी प्रदीप चौहान (29 वर्ष) निवासी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए KEI कंपनी के बिजली के तार बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी नशे की लत व अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी चोरी किए गए तारों को बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दीपक पंवार (चौकी प्रभारी मालदेवता), हेड कांस्टेबल सोबन राणा, कांस्टेबल शाहिद जमाल और कांस्टेबल कर्ण पाल शामिल रहे।


