कालकाजी मंदिर के पास किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिसकर्मी बताकर किशोरी और उसके नाबालिग दोस्त को धमकाया, तीन आरोपियों पर वारदात का आरोप; आसिफ के पैर में लगी गोली

नई दिल्ली। दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज इलाके में 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तुगलकाबाद निवासी 34 वर्षीय आसिफ को पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। गोली लगने के बाद उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, किशोरी अपने नाबालिग दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने पहुंची थी। दर्शन के बाद दोनों गेट नंबर-7 से आस्था कुंज पार्क की ओर चले गए। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को धमकाने लगे।

आरोप है कि युवकों ने किशोरी को उसके दोस्त से अलग कर सुनसान जगह पर ले गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में आसिफ ने कथित तौर पर हथियार दिखाकर किशोरी को डराया और उसके साथ यौन हिंसा की। इसके बाद उसके दो साथियों पर भी वारदात में शामिल होने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी किशोरी और उसके दोस्त को धमकाकर वहां से फरार हो गए।

सूचना मिलने के बाद अमर कॉलोनी थाना पुलिस की टीम आस्था कुंज पहुंची। किशोरी को मेडिकल जांच के लिए एम्स ले जाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम टीम और एफएसएल टीम को भी मौके पर भेजा।

जांच के दौरान पुलिस को आसिफ के अमर कॉलोनी स्थित डीएम ऑफिस रोड के पास होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने भागने की कोशिश की और कथित तौर पर पुलिस टीम पर तीन राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली हेड कॉन्स्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।

पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में हेड कॉन्स्टेबल ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आसिफ के पैर में लगी। घायल आरोपी को तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। मामले में दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, किशोरी की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई गई है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Back To Top