देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में हुई मोबाइल स्नेचिंग की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद करने के साथ घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूपी-11-सीएक्स-4920 को सीज किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को श्रीमती हिमानी पुत्री विनोद पांडेय, निवासी भानियावाला, सैनिक कॉलोनी, डोईवाला ने थाना पटेलनगर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि ग्रास फार्म आईएसबीटी के पास मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर थाना पटेलनगर में मु0अ0सं0 625/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पूर्व में इस तरह की घटनाओं में सामने आए आरोपियों की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी जुटाई गई।
पुलिस के प्रयासों के बाद 13 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर आर्मी ग्राउंड, चंद्रबनी चौक, पटेलनगर के पास से दो आरोपियों रिहान और सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों नशे के आदी हैं और नशे की लत व अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उन्होंने मोबाइल स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी छीने गए मोबाइल फोन को बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
- रिहान पुत्र नौशाद, निवासी मेहूंवाला माफी, तेलपुर चौक, पटेलनगर, देहरादून, उम्र 18 वर्ष
- सलमान पुत्र जमील, निवासी मेहूंवाला, तेलपुर चौक, पटेलनगर, देहरादून, उम्र 19 वर्ष
बरामदगी:
- घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूपी-11-सीएक्स-4920
- घटना में छीना गया मोबाइल फोन

