शाम को घर से निकला युवक सुबह गांव के बाहर मृत मिला, शरीर पर चोट के निशान

समस्तीपुर। घटहो थाना क्षेत्र के मुसापुर गांव में मंगलवार शाम घर से निकले 37 वर्षीय मिथुन गिरी का शव बुधवार सुबह गांव के बाहर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके बाद परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मिथुन गिरी मंगलवार शाम अपने घर से निकला था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बुधवार सुबह गांव के बाहर उसका शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

मृतक के स्वजन ने गांव के ही कुछ लोगों पर मिथुन के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस परिजनों के आरोपों समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बताया गया कि मिथुन गिरी राजकोट में मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। अचानक उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए एक महिला को हिरासत में लिया है। उससे घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Back To Top