देहरादून: प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव में सार्वजनिक स्थान पर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और हुड़दंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दून पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए 2 महिलाओं समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने संबंधित व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रेमनगर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना में शामिल लोगों की पहचान की।
जांच में सामने आया कि 3 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे केहरी गांव फ्लाईओवर के नीचे फालूदा ठेली के पास कार सवार रितिक निवासी केहरी गांव का सुमित कुमार और उसके एक साथी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर वहां से भेज दिया।
करीब 10-15 मिनट बाद केहरी गांव में एक हार्डवेयर की दुकान के सामने दोनों पक्ष दोबारा आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों से आई महिलाओं और अन्य लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं और वे उपचार के लिए अस्पताल चले गए। घटना के संबंध में किसी भी पक्ष ने पुलिस को सूचना नहीं दी।
पुलिस की जांच में दोनों पक्षों के बीच पहले से पारिवारिक विवाद होने की बात भी सामने आई। भविष्य में दोबारा ऐसी घटना से शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने स्वयं वादी बनकर कार्रवाई की।
उपनिरीक्षक प्रद्युम्न सिंह नेगी की तहरीर पर कोतवाली प्रेमनगर में मु0अ0सं0-183/2026, धारा 191(2), 115(2), 351 एवं 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त
सुशील कुमार, उम्र 53 वर्ष
सुमित कुमार, उम्र 31 वर्ष
सुमन, उम्र 44 वर्ष
सुषमा, उम्र 50 वर्ष
चारों आरोपी केहरी गांव, प्रेमनगर, देहरादून के निवासी बताए गए हैं।
वहीं घटना में प्रकाश में आए नवीन कुमार का उपचार दून अस्पताल तथा रितिक का उपचार ग्राफिक एरा अस्पताल में चल रहा है।

