आगरा में किन्नर से प्रेम के नाम पर धोखा, शादी के लिए लिंग परिवर्तन कराया; फिर मुकरा प्रेमी

आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक किन्नर ने युवक पर प्रेमजाल में फंसाकर दो साल तक शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, युवक ने शादी का भरोसा देकर पहले उससे संबंध बनाए और बाद में शादी के लिए लिंग परिवर्तन कराने की शर्त रख दी। प्रेमी की बात पर उसने सर्जरी कराकर लिंग परिवर्तन कराया और इस प्रक्रिया में लाखों रुपये खर्च किए। आरोप है कि युवक ने उससे चार लाख रुपये और एक बुलट बाइक भी ले ली, लेकिन बाद में शादी से मुकर गया।

मूलरूप से बाराबंकी की रहने वाली किन्नर वर्तमान में सिकंदरा क्षेत्र में रहती है। उसने पुलिस को बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी मुलाकात सिकंदरा के लखनपुर गांव निवासी त्रिवेंद्र से हुई थी। आरोप है कि त्रिवेंद्र ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर पत्नी बनाकर रखने का भरोसा दिया।

इसके बाद आरोपी उसे शहर के अलग-अलग होटलों में ले जाने लगा और कथित तौर पर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता के अनुसार, त्रिवेंद्र ने शादी के लिए उसके सामने शर्त रखी कि उसे पुरुष किन्नर से स्त्री किन्नर बनना होगा। प्रेमी की बात पर विश्वास करते हुए उसने सर्जरी कराकर लिंग परिवर्तन करा लिया।

पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसे शारीरिक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। त्रिवेंद्र ने कथित तौर पर उससे चार लाख रुपये और बुलट बाइक ले ली। इसके अलावा वह किन्नर को मिलने वाली बधाई की रकम भी ले जाता था।

बाद में पीड़िता को पता चला कि त्रिवेंद्र पहले से शादीशुदा है। इसके बाद उसने उससे शादी करने और अपनी रकम लौटाने के लिए कहा तो आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी। धोखे से आहत होकर वह बाराबंकी लौट गई और अपने गुरु को पूरी घटना की जानकारी दी।

इसके बाद पीड़िता ने सिकंदरा थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सिकंदरा इंस्पेक्टर राजीव त्यागी के मुताबिक, तहरीर के आधार पर त्रिवेंद्र और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Back To Top