हापुड़ में पति को मायके बुलाकर बनाया बंधक, दो दिन तक बेरहमी से पीटने का आरोप,पत्नी समेत दो गिरफ्तार

हापुड़। कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र में एक युवक को उसकी ससुराल में कथित तौर पर बंधक बनाकर दो दिनों तक बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि युवक के साथ लाठी-डंडों, बेल्ट और गर्म सरियों से मारपीट की गई। बेल्ट से गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। मामले में पुलिस ने युवक की पत्नी समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

सिंभावली थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी देवेंद्र सिंह ने कोतवाली हापुड़ नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे राजेश उर्फ शिवम की शादी सात दिसंबर 2020 को आदर्शनगर कॉलोनी निवासी दीपा से हुई थी।

शिकायत के अनुसार, 19 अगस्त को दीपा अपने मायके में थी और उसने राजेश को वहां बुलाया। अगले दिन सुबह राजेश अपनी ससुराल पहुंचा। आरोप है कि वहां मौजूद दीपा समेत अन्य लोगों ने उसे घर के अंदर बंधक बना लिया और मारपीट शुरू कर दी।

परिजनों का आरोप है कि बाद में कुछ अन्य लोगों को भी वहां बुलाया गया। इसके बाद राजेश के साथ लाठी-डंडों, बेल्ट और गर्म सरियों से मारपीट की गई। करीब दो दिनों तक उसे घर में कैद रखने का भी आरोप लगाया गया है।

21 अगस्त की सुबह परिवार को घटना की जानकारी मिली। बताया गया कि एक व्यक्ति ने राजेश के भाई सोहित को फोन कर उसके साथ मारपीट किए जाने की सूचना दी। इसके बाद सोहित कोतवाली पहुंचा।

इसी बीच आरोपित राजेश को इलाज कराने के बहाने वाहन से ले गए। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए उसकी तलाश शुरू की। प्रीत विहार स्थित एक अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने और मामला पुलिस से जुड़ा होने के कारण उपचार करने से इनकार कर दिया। बाद में पता चला कि राजेश को नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वजन वहां से उसे गंभीर हालत में लेकर आए।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान के मुताबिक, पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दिल्ली रोड स्थित लज्जापुरी गेट के पास से राजेश की पत्नी दीपा और नामजद आरोपित प्रीति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य नामजद और फरार आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Back To Top