सर्किट हाउस काठगोदाम में शहरी विकास कार्यों की समीक्षा, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

हल्द्वानी:  प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को सर्किट हाउस, काठगोदाम में उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कुमाऊं क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

बैठक में मंत्री ने वर्षाकाल को देखते हुए सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने नैनीताल, हल्द्वानी, टनकपुर, किच्छा सहित अन्य शहरों में सीवर लाइन, पेयजल, सड़क निर्माण और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के माध्यम से एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB), केएफडब्ल्यू (जर्मन बैंक) और यूरोपियन इनवेस्टमेंट बैंक (EIB) के सहयोग से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि ईआईबी के सहयोग से पिथौरागढ़, सितारगंज, रुद्रपुर और काशीपुर में निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, जिनसे लगभग 6 से 7 लाख लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। वहीं केएफडब्ल्यू के माध्यम से ऋषिकेश में पेयजल परियोजना और 24 ई-बसों की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का शीघ्र लोकार्पण कराया जाए ताकि जनता को उनका लाभ मिल सके। साथ ही कार्यदायी संस्थाओं की नियमित निगरानी कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में बनाए रखने के लिए विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों आवश्यक हैं। उन्होंने “पेड़ बचाओ अभियान” के तहत संतुलित एवं पर्यावरण अनुकूल विकास को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में परियोजना निदेशक विनय मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Back To Top