पट्टाया में सूटकेस से किशोरी का शव मिलने के बाद ऑस्ट्रेलियाई नागरिक गिरफ्तार

बैंकॉक/पट्टाया: थाईलैंड के मशहूर रिसॉर्ट शहर पट्टाया से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 17 वर्षीय थाई लड़की की बेरहमी से हत्या कर उसका शव सूटकेस में बंद कर रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया। इस जघन्य हत्याकांड के सिलसिले में थाईलैंड पुलिस ने 46 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई नागरिक साइमन कारमेन को बैंकॉक के सुवर्णभूमि हवाईअड्डे से उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह देश छोड़कर भागने की फिराक में था। इमिग्रेशन अधिकारियों और पट्टाया पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर उसे पर्थ (ऑस्ट्रेलिया) जाने वाली फ्लाइट पकड़ने से ठीक पहले दबोच लिया।

पुलिस जांच के अनुसार, इस पूरे मामले का खुलासा करने में सीसीटीवी फुटेज सबसे अहम कड़ी साबित हुई। गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे मुख्य संदिग्ध साइमन और पीड़ित किशोरी को पट्टाया की एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में एक साथ प्रवेश करते हुए देखा गया था। इसके कुछ घंटों बाद, साइमन को अकेले ही इमारत से बाहर निकलते देखा गया, लेकिन इस बार उसके हाथ में एक बड़ा, काले रंग का भारी सूटकेस था।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि उसने सूटकेस को अपनी मोटरसाइकिल के पीछे बांधा और वहां से निकल गया। करीब 9 मिनट तक वह कैमरों की नजर से गायब रहा और जब वापस लौटा तो सूटकेस उसके पास नहीं था। शुक्रवार को लड़की के दोस्तों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद जब पुलिस ने तलाश शुरू की, तो शुक्रवार रात रेलवे ट्रैक के पास से वही लावारिस सूटकेस बरामद हुआ, जिसके अंदर से किशोरी का नग्न शव मिला।

पुलिस के मुताबिक, मृतका के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे और मुंह व नाक से खून बह रहा था, जिससे साफ है कि उसकी मौत से पहले भारी संघर्ष हुआ था। पट्टाया के पुलिस अधीक्षक कर्नल एनेक सारथोंग्यू ने बताया कि संदिग्ध ऑस्ट्रेलियाई नागरिक के शरीर पर भी खरोंच के निशान मिले हैं, जो वारदात के दौरान पीड़िता द्वारा किए गए बचाव और संघर्ष की ओर इशारा करते हैं। हालांकि, संदिग्ध साइमन कारमेन ने पूछताछ में लड़की के अपहरण और हत्या के आरोपों से साफ इनकार किया है।

थाई पुलिस का कहना है कि यदि आरोपी के खिलाफ वैज्ञानिक सबूत पुख्ता होते हैं, तो उस पर नाबालिग का अपहरण, हत्या, शव को छिपाना और यौन उत्पीड़न जैसे बेहद गंभीर आरोप तय किए जाएंगे। इधर, ऑस्ट्रेलिया के विदेश मामलों और व्यापार विभाग ने पुष्टि की है कि वे हिरासत में लिए गए अपने नागरिक को कांसुलर (राजनयिक) सहायता प्रदान कर रहे हैं।

बता दें कि यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब थाईलैंड सरकार ने विदेशी नागरिकों द्वारा बढ़ती आपराधिक गतिविधियों (सेक्स ट्रैफिकिंग, ड्रग्स और अवैध व्यापार) के मद्देनजर हाल ही में पर्यटकों के लिए वीज़ा-मुक्त प्रवास की अवधि में भारी कटौती की है।

Back To Top