पूजा भट्ट
उत्तराखंड में सत्र 2026-27 के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके तहत राज्य के 153 राजकीय और 82 निजी आईटीआई में दाखिले किए जाएंगे। इच्छुक छात्र परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.vpputtarakhand.in पर जाकर दो चरणों में आवेदन कर सकते हैं। पहले चरण में अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षिक विवरण और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे, जिसके बाद राज्य स्तरीय मेरिट सूची जारी की जाएगी।
इसके बाद सीट मैट्रिक्स जारी होने पर पोर्टल दोबारा खुलेगा और छात्र अपनी मेरिट के अनुसार न्यूनतम एक और अधिकतम 10 संस्थान व ट्रेड का चयन कर सकेंगे। इस बार आईटीआई से प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं के लिए केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना बड़ा आकर्षण बनी हुई है, क्योंकि एक वर्षीय कोर्स पूरा करने पर 30 बोनस अंक और दो वर्षीय कोर्स पर 40 बोनस अंक का लाभ मिलेगा, जिससे अग्निवीर भर्ती में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिल सकेगी। साथ ही आईटीआई पास छात्र सीधे पॉलिटेक्निक के दूसरे वर्ष में लेटरल एंट्री के जरिए प्रवेश भी ले सकेंगे। इस वर्ष दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली (डीएसटी) को विशेष रूप से बढ़ावा दिया गया है, जिसके तहत राज्य के 54 सरकारी आईटीआई ने टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, महिंद्रा और वी-गार्ड जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी की है।
इसके अंतर्गत छात्रों को इंडस्ट्री में काम करते हुए प्रशिक्षण लेने का अवसर मिलेगा और प्रशिक्षण अवधि के दौरान 8 हजार से 12 हजार रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड, सब्सिडी वाले भोजन, परिवहन और सुरक्षा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। सामान्य ट्रेड्स के लिए न्यूनतम आयु 14 वर्ष जबकि डीएसटी ट्रेड्स के लिए 18 से 24 वर्ष निर्धारित की गई है। विभिन्न ट्रेड्स में प्रवेश के लिए न्यूनतम योग्यता 8वीं या 10वीं पास रखी गई है और उत्तराखंड बोर्ड रामनगर से 10वीं उत्तीर्ण छात्रों को 5 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। आवेदन शुल्क एससी-एसटी वर्ग के लिए 250 रुपये और अन्य वर्गों के लिए 350 रुपये तय किया गया है।
आरक्षण व्यवस्था के तहत अनुसूचित जाति को 19 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति को 4 प्रतिशत, ओबीसी को 14 प्रतिशत, ईडब्ल्यूएस को 10 प्रतिशत, महिलाओं को 30 प्रतिशत और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन के पहले चरण की अंतिम तिथि 5 जुलाई है, राज्य स्तरीय मेरिट सूची 7 जुलाई को जारी होगी, विकल्प चयन 8 से 15 जुलाई तक होगा, पहली काउंसलिंग के तहत सीट आवंटन 18 जुलाई को किया जाएगा और चयनित छात्रों के दाखिले 19 से 26 जुलाई के बीच पूरे किए जाएंगे।

