भिवानी- भिवानी जिले के बवानीखेड़ा तहसील कार्यालय में विजिलेंस विभाग ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी और एक वकील को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच चर्चा का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार परवीन नामक व्यक्ति ने विजिलेंस विभाग को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि खेवट तकसीम के काम के बदले नरेंद्र पटवारी द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत में यह भी कहा गया कि रकम वकील भूपेंद्र के माध्यम से ली जानी थी।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। इंस्पेक्टर जगजीत के नेतृत्व में टीम ने जिला मत्स्य अधिकारी एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र सिंह की मौजूदगी में तहसील कार्यालय में छापा मारा। इस दौरान पटवारी नरेंद्र और वकील भूपेंद्र को कथित रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया।
विजिलेंस विभाग ने आरोपियों के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और रिश्वत लेने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

