यमुनानगर- जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने करीब 6 लाख रुपये की 126 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हमीदा क्षेत्र के गड़ी रोड के पास एक युवक खाली प्लॉट में नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई और मौके पर दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान संदिग्ध युवक को मौके से काबू किया गया। तलाशी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार कुलदीप सिंह को मौके पर बुलाया गया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 126 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुराना हमीदा निवासी समीर पुत्र गुलजार के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस गिरोह से जुड़ा है और किन इलाकों में नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

