भाजपा नेता इंदर चौहान पर महिला अफसर को धमकाने का आरोप, केस दर्ज

इंदौर मध्य प्रदेश के आलीराजपुर में भाजपा नेता और मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदर सिंह चौहान पर जिला पंचायत सीईओ प्रिया काग को धमकाने और रास्ता रोकने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि किसी प्रशासनिक मुद्दे को लेकर हुई बहस के दौरान इंदर सिंह चौहान कथित तौर पर भड़क गए और सीईओ को अपशब्द कहने के साथ जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने धमकाते हुए कहा कि जिले में उनकी मर्जी से काम होगा।

घटना के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और जब सीईओ कार्यालय से निकलने लगीं तो उनका रास्ता रोकने का भी आरोप लगा। मौके पर मौजूद अन्य अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। इसके बाद सीईओ प्रिया काग ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। बाद में आरोपी को जमानत मिल गई।

मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मंत्री नागर सिंह चौहान ने खुद को पूरे विवाद से अलग बताते हुए कहा कि कानून अपना काम करने के लिए स्वतंत्र है। वहीं, इस घटना ने प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा और जनप्रतिनिधियों के आचरण को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back To Top