नई दिल्ली – दिल्ली-एनसीआर में बड़े आतंकी हमले की साजिश को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने समय रहते नाकाम कर दिया है। पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर और आईएसआई से जुड़े हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे।
खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को इनपुट मिला था कि कुछ युवक दिल्ली-एनसीआर में ग्रेनेड हमला और टारगेट किलिंग जैसी वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में हैं। इस सूचना के बाद स्पेशल सेल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और विशेष अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले हैं। पुलिस ने राजवीर के पास से एक पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा दोनों के मोबाइल फोन से संदिग्ध वीडियो और वॉयस नोट्स भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने विदेशी हैंडलर के निर्देश पर दिल्ली-एनसीआर के एक प्रमुख होटल को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और संभावित टारगेट्स की पहचान में जुटी है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और देश की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।

