दो महीने पहले हुई थी शादी, रक्षाबंधन पर अपहरण के बाद युवक की मिली लाश

हरियाणा- अनूपगढ़ के 24 वर्षीय युवक परमिंदर का शव मंगलवार को हिसार के आज़ाद नगर क्षेत्र में एक नाले से बरामद हुआ। परमिंदर रक्षाबंधन के दिन, 9 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने पांच संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, परमिंदर की हाल ही में दो महीने पहले शादी हुई थी। 10 अगस्त को उसकी मां अनीता देवी ने बेटे की गुमशुदगी की शिकायत सदर थाना में दर्ज कराई थी। इसके तीन दिन बाद पुलिस को सूचना मिली कि हिसार के आज़ाद नगर में एक नाले में एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने शव की पहचान परमिंदर के रूप में की। शव बुरी तरह से सड़ चुका था।

जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसमें कुछ युवक परमिंदर को जबरन ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में देखा गया कि परमिंदर खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण वह सफल नहीं हो सका।

परमिंदर के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उसके परिवार में मां के अलावा दो बहनें हैं। परिजनों ने गोबिंदपुरा गांव के कुछ लोगों पर अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस ने गोबिंदपुरा और हिसार के कुल पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, कुछ आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार भी कर ली है, लेकिन पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। संभावना है कि बुधवार को इस मामले में खुलासा किया जा सकता है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top