शिंदे गुट के विधायक का विवादित बयान: ‘राहुल गांधी की जीभ काटी तो दूंगा इनाम…’

मुंबई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की हाल ही की टिप्पणियों को लेकर राजनीतिक गलियारों में भारी बवाल मच गया है। अमेरिका की यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने आरक्षण व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर टिप्पणी की थी, जिसके बाद देश की सियासत गरमा गई। अब शिवसेना के शिंदे गुट के विधायक संजय गायकवाड़ ने एक विवादित बयान देते हुए राहुल गांधी की जीभ काटने वाले को 11 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

राहुल गांधी की जीभ काटने पर 11 लाख का इनाम
संजय गायकवाड़ ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी की आरक्षण व्यवस्था पर की गई टिप्पणियों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने विदेश में कहा कि वह भारत में आरक्षण व्यवस्था को खत्म करना चाहते हैं, जिससे कांग्रेस का असली चेहरा सामने आ गया है। मैं राहुल गांधी की जीभ काटने वाले को 11 लाख रुपये का इनाम दूंगा।”

कांग्रेस पर तीखा हमला
गायकवाड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी की यह टिप्पणी आरक्षण के विरोध में उनके असली इरादों को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश को 400 साल पीछे ले जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि मराठा, धनगर और ओबीसी जैसे समुदाय आरक्षण के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी आरक्षण खत्म करने की बात कर रहे हैं।

BJP का बयान
विवादित बयान को लेकर भाजपा के महाराष्ट्र अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने भी प्रतिक्रिया दी। हालांकि, उन्होंने गायकवाड़ के बयान का समर्थन नहीं किया, लेकिन कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और राजीव गांधी ने भी आरक्षण का विरोध किया था। बावनकुले ने कहा, “राहुल गांधी अब आरक्षण खत्म करने की बात कर रहे हैं, जो कांग्रेस की वास्तविक सोच को उजागर करता है।”

राहुल गांधी की टिप्पणियों और गायकवाड़ के इस बयान से महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है, जिससे राज्य में तनाव और बढ़ने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top