कांग्रेस का हाथ, खालिस्तानियों के साथ…: सांसद चन्नी की टिप्पणी पर भाजपा का हमला

नई दिल्ली। लोकसभा में गुरुवार को कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी की एक टिप्पणी के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी ने सदन में खालिस्तान समर्थक ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख और निर्दलीय सांसद अमृतपाल सिंह के समर्थन में बयान दिया था।

चन्नी की टिप्पणी
चरणजीत सिंह चन्नी ने खडूर साहिब लोकसभा सीट के सांसद अमृतपाल सिंह का जिक्र करते हुए कहा, “हर रोज आपातकाल की बात की जाती है, लेकिन आज देश में जो अघोषित आपातकाल है, उसका क्या? यह भी आपातकाल है कि पंजाब में 20 लाख लोगों द्वारा सांसद चुने गए एक व्यक्ति (अमृतपाल सिंह) को एनएसए के तहत जेल में डाल दिया गया है। वह अपने क्षेत्र के लोगों की बात रखने में असमर्थ है। यह भी आपातकाल है।”

बीजेपी का हमला
चन्नी की इस टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “चन्नी के बयान पर मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि इंदिरा गांधी का हत्यारा खालिस्तानी था और कांग्रेस खालिस्तानियों का समर्थन कर रही है। वाह रे कांग्रेस, जय चन्नी। यह भारत की संप्रभुता पर हमला है। इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस का हाथ, खालिस्तानियों के साथ।”

भाजपा सांसदों की निंदा
भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी चन्नी की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा, “जो लोग देश की प्रगति नहीं चाहते, जो आतंक फैलाने वालों को बचाना चाहते हैं, उन्होंने संविधान की शपथ ली है। इसलिए, जो लोग ऐसे लोगों की वकालत करते हैं, वे राष्ट्रहित में काम नहीं करते हैं और यह अत्यधिक निंदनीय है।”

सदन में हंगामा
लोकसभा में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इस हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही लगभग 35 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top