Date:

1990 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज आहूजा बने ओडिशा के मुख्य सचिव

भुवनेश्वर। वर्ष 1990 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज आहूजा को ओडिशा का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उन्होंने प्रदीप कुमार जेना की जगह ली है, जिनका कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर मनोज आहूजा की नियुक्ति की पुष्टि की। उन्हें मंगलवार को केंद्र से उनके मूल कैडर ओडिशा वापस भेजा गया था। केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति संबंधी समिति ने ओडिशा सरकार के अनुरोध पर 25 जून को उनकी मूल कैडर में वापसी को मंजूरी दी थी।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे मनोज आहूजा
मनोज आहूजा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे। वह एक अप्रैल, 2022 से केंद्र सरकार के कृषि और कृषक कल्याण विभाग में सचिव के पद पर थे। उससे पहले वह उसी विभाग में विशेष कार्याधिकारी, सीबीएसई के अध्यक्ष, मसूरी के ‘लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी’ के विशेष निदेशक रहे थे।

सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग की अधिसूचना में कहा गया है कि आईएएस मनोज आहूजा को भारत सरकार की ओर से उनके मूल कैडर में भेजे जाने के बाद उन्हें ओडिशा का मुख्य सचिव और सरकार, सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग का सचिव नियुक्त किया जाता है। उनकी नियुक्ति 30 जून को प्रदीप कुमार जेना की सेवानिवृति के बाद से प्रभावी होगी।
मनोज आहूजा पहले उपजिलाधिकारी और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, इस्पात एवं खान विभाग, खेल एवं युवा सेवा विभाग एवं सहकारिता विभाग जैसे कई अहम विभागों के सचिव समेत ओडिशा सरकार में विभिन्न पदों पर अपनी सेवा दे चुके हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top